अयोध्या। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस पर अब गर्भवती महिलाओं को हलवा, खीर, दलिया, उबले चने भी मिलेंगे। इससे पहले दूध, फल आदि का वितरण होता रहा है। इस नवाचार की शुरुआत सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बनियान ने कराई है। दावा किया गया है कि यह पहल करने वाला अयोध्या प्रदेश का पहला जिला है।
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बनियान ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान पोषण और स्वास्थ्य देखभाल मां और शिशु दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस नवाचार का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत पहले से ही गर्भवती महिलाओं की मुफ्त जांच और परामर्श सेवाएं दी जा रही हैं। अब पोषण के क्षेत्र में नया कदम उठाया गया है।
नई पहल के तहत माह की एक तारीख को 100 ग्राम सूजी का हलवा दिया जाएगा। सीजन आने पर इसमें गाजर को भी शामिल किया जाएगा। नौ तारीख को 100 ग्राम खीर। 16 को मीठी दलिया व 24 तारीख को उबले चने दिए जाएंगे। सीएमओ ने बताया कि हलवा और खीर जैसे पौष्टिक व्यंजन प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और आवश्यक विटामिन देते हैं। उबले चने प्रोटीन और फाइबर के अच्छे स्रोत हैं। फुल क्रीम दूध से महिलाओं में कैल्शियम और प्रोटीन की कमी पूरा करता है।