अयोध्या। रामनगरी के एक कथावाचक पर प्रयागराज निवासी महिला ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर से शिकायत की है। महिला का आरोप है कि जुलाई में वह अपने बच्चे से मिलने अयोध्या आई थी, जहां कथावाचक ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला ने पत्रकारों को बताया कि कथावाचक के खिलाफ पूर्व में भी दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया था। बाद में वर्ष 2014 में दोनों ने विवाह कर लिया। दोनों का एक बेटा भी है। महिला का आरोप है कि वैवाहिक संबंध होने के बावजूद कथावाचक वर्तमान में अयोध्या में एक अन्य महिला के साथ रह रहे हैं। महिला के मुताबिक, उसने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल के अलावा अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी की है।
कथावाचक ने महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को गलत और निराधार बताया है। उनका कहना है कि वर्ष 2016 से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद न्यायालय में लंबित है। इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी तीन पारिवारिक वाद चल रहे हैं। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।