अयोध्या। सिविल लाइंस क्षेत्र के झारखंडी मोहल्ले में 400 केवीए ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आने से बुधवार रात करीब दो बजे से बृहस्पतिवार की शाम तक बिजली आपूर्ति ठप रही। करीब 16 घंटे की इस कटौती ने कई परिवारों को उमस भरी गर्मी में बेहाल कर दिया।
कॉलोनी निवासी मुकेश वाधवानी ने बताया कि आधी रात में अचानक बिजली गुल हो गई। कुछ देर बाद इन्वर्टर जवाब दे गया। उमस भरी गर्मी में किसी तरह रात बीती तो सुबह के समय दिनचर्या प्रभावित हो गई। सुबह 10 बजे बिजली विभाग ने संदेश भेजकर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना जताई। ऐसे में पूरा दिन लोग गर्मी से परेशान रहे। टंकी में पानी खत्म होने से पेयजल संकट भी खड़ा हो गया।
सुमित अग्रवाल ने बताया कि पिछले रविवार को भी कई घंटे बिजली गुल रही थी। पिछले करीब तीन महीने से ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहा है और हर सप्ताह लंबी बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है। कई बार शिकायत के बावजूद विभाग केवल अस्थायी मरम्मत करके काम चलाया जा रहा है। रोशन ने बताया कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को बिजली के बिना अधिक परेशानी उठानी पड़ी। सुनील जायसवाल ने कहा कि जब भी ट्रांसफार्मर में खराबी आती है, घंटों तक बिजली नहीं मिलती। उन्होंने बार-बार मरम्मत के बजाय ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की है। अधिशासी अभियंता मनीष चौबे ने बताया कि मरम्मत करवाकर शाम तक आपूर्ति बहाल कराई गई है।