अयोध्या। डाक वितरण प्रणाली में सुधार के लिए प्रवर अधीक्षक डाकघर एचके यादव ने समीक्षा बैठक की। इस दौरान 23 जुलाई को डाक जीवन बीमा महाअभियान आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसमें डाककर्मी अपने क्षेत्र के अध्यापक, पुलिसकर्मी, डॉक्टर व अन्य वर्ग के लोगों से संपर्क करके डाक जीवन बीमा योजना के लाभ बताए जाएंगे।
बैठक में प्रवर अधीक्षक ने कहा कि आयकर रिटर्न दाखिल करने के लिए प्राइमरी अध्यापक, पुलिस कर्मियों को पीएलआई में सबसे अधिक फायदा है। डाक जीवन बीमा सुरक्षा कवच के साथ-साथ धन संचय में भी लाभदायक है। पोस्टल इंश्योरेंस का दायरा इसलिए बढ़ाया गया है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को सामाजिक सुरक्षा का कवच मिल सके। डाक जीवन बीमा में बिचौलियों की कोई जगह न होने से किश्त कम है और भुगतान अधिक है। इसका प्रीमियम सभी बीमा कंपनियों से कम है। अभी तक यह योजना केवल केंद्र व राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए ही लागू थी, लेकिन अब निजी शिक्षण संस्थाओं को भी दिया जाने लगा है।
बैठक में सहायक अधीक्षक ओमेश्वर सिंह, डाक निरीक्षक हरिमोहन सिंह, अभिनव गुप्ता, मुख्य विपणन अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह, विकास अधिकारी चंद्रेश वर्मा, राघवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।