अयोध्या। आगामी 23 अगस्त से शुरू हो रही पुलिस भर्ती परीक्षा जिले के 12 केंद्रों पर होगी। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में इस बार 46,320 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसे लेकर अब पुलिस व प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे जिसके लिए मंथन शुरू हो गया है। यूपी पुलिस की कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 23 से 31 अगस्त के मध्य कराई जाएगी। इसके लिए जिले के 12 स्कूलों को केंद्र बनाया गया है। इनमें दो राजकीय व 10 सहायता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं।
पहली पाली में सुबह 10 से 12 बजे व दूसरी पाली में दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक क्रमश: 4632-4632 अभ्यर्थी शामिल होंगे। एडीएम वित्त एवं राजस्व महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है।
इसके सफल आयोजन के लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 12 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। पुलिस की सर्विलांस टीमें भी इसे लेकर सक्रिय हैं। एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर एसटीएफ व खुफिया टीमें भी परीक्षा की निगरानी करती रहेंगी।