अयोध्या। रामनगरी आने वाले श्रद्धालुओं से बढ़ती ठगी की घटनाओं को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। श्रद्धालुओं को ठगने वाले अब पुलिस की नजर में हैं। शुक्रवार को राम मंदिर के आस-पास, रामकोट इलाके में चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। उनकी आईडी चेक की गई। आस-पास के दुकानदारों को भी नसीहत दी गई।
रामनगरी में श्रद्धालुओं के साथ आए दिन ठगी की घटनाएं हो रही हैं। फर्जी वीआईपीस पास के नाम पर वसूली हो रही है। इस मामले में कई केस दर्ज हो चुके हैं। राम मंदिर के आस-पास ऐसे लोगों के घूमने की सूचना मिली थी जो श्रद्धालुओं से पैसे लेकर उन्हें वीआईपी दर्शन कराने का लालच देते हैं। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ चोरी की भी घटनाएं बढ़ी थीं। इसको देखते हुए पुलिस अलर्ट हो गई है। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे की ओर से मंदिर के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों, फर्जी दर्शन कराने वालों, जेबकतरों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया गया। एसपी सुरक्षा ने बताया कि श्रद्धालुओं के साथ ठगी करने वालों की तलाश की जा रही है। राम मंदिर के आस-पास संदिग्ध मिले व्यक्तियों से पूछताछ की गई है, उनकी आईडी चेक की गई।
आस-पास के दुकानदारों, होटल, धर्मशालाओं को सचेत किया गया है कि संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो इसकी सूचना दें। बताया कि जल्द ही राम मंदिर के आस-पास बोर्ड लगाए जाएंगे जिसमें श्रद्धालुओं को फर्जी पास आदि को लेकर सतर्क किया जाएगा। बताया जाएगा कि पास के नाम पर कोई भी शुल्क नहीं लिया जाता है।