अयोध्या। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट करके 86 लाख रुपये व एक अन्य से 5.31 लाख रुपये की ठगी के मामले में कार्रवाई शुरू की है। दोनों मामलों में 37,810 रुपये पीड़ितों के बैंक खाते में वापस कराए गए हैं।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि ठगों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते में ठगी के तीन करोड़ रुपये आने की बात कहकर उन्हें डराया। स्वयं के पुलिस अधिकारी होने की बात कहकर उन्हें डिजिटल अरेस्ट करके 86.81 लाख रुपये की ठगी कर ली। एक अन्य मामले में शेयर बाजार में पैसा निवेश करने के नाम पर विभिन्न किस्तों में 5.31 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। दोनों मामलों में क्रमश: 11 हजार रुपये व 26,810 रुपये उनके बैंक खाते में वापस कराए गए हैं। कहा कि नागरिकों से अपील है कि किसी के डराने में न आएं। कोई भी पुलिस अधिकारी किसी भी अपराध पर इस तरह से कॉल करके डराता-धमकाता नहीं है। सतर्कता ही साइबर ठगी से बचाव हा मूलमंत्र है।