अयोध्या। कोतवाली अयोध्या के कांशीराम कॉलोनी के पास से साल भर पहले अजीत गुप्ता (35) की अपहरण करके हत्या करने वाले जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। कई बिंदुओं पर गहन छानबीन के बाद पुलिस जल्द ही घटना के खुलासे की तैयारी में है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अयोध्या धाम निवासी अजीत गुप्ता निजी कार बुकिंग पर चलाते थे। अयोध्या धाम के ही चार लोगों ने 20/21 नवंबर, 2024 की रात में गोरखपुर के लिए उनकी कार बुक कराई। वह स्वयं ही चालक के रूप में उनके साथ निकले थे। वह कई दिन तक नहीं लौटे तो परिजनों ने कोतवाली अयोध्या में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
इस बीच गोरखपुर में उनका शव मिलने पर शिनाख्त हुई तो परिजनों के होश उड़गए। हालांकि, पुलिस ने गुमशुदगी को हत्या के रूप में दर्ज करके विवेचना का दायरा बढ़ाया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस व अन्य तकनीकों के जरिये मामले की जांच की जा रही थी। छानबीन में पता चला कि आरोपियों ने युवक की हत्या करके उनकी कार लूट ली थी। इसी इरादे से उन्होंने कार बुक कराई थी। हालांकि, घटना में शामिल चारों आरोपियों की गिरेबान तक पुलिस के हाथ पहुंच गए हैं। घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की जा चुकी है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, अभी पुलिस अधिकारी इस मामले में स्पष्ट बोलने से कतरा रहे हैं।