बनेंगे हेलीपैड, तैयारियों में जुटा पुलिस प्रशासन
अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी को यहां एयरपोर्ट पर उतरने के बाद साकेत महाविद्यालय तक सड़क मार्ग के बजाय हेलीकॉप्टर से आ सकते हैं। इसके लिए महाविद्यालय के मैदान में तीन हेलीपैड बनाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। इस दौरान रामनगरी पूरी तरह सील रहेगी।
साकेत महाविद्यालय के आसपास के मकानों की छतों पर सशस्त्र जवान तैनात रहेंगे। यहां रहने वालों का सत्यापन किया जा रहा है। यहां की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री के साकेत महाविद्यालय परिसर में भी उतरने की उम्मीद है। हालांकि, अभी अधिकारिक घोषणा तो नहीं हुई है, लेकिन संभावना को देखते हुए इंतजाम किए जा रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में देश-दुनिया के 100 से अधिक मेहमान अपने निजी विमान से यहां पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर अब तक 47 विमानों के उतरने की स्वीकृति मिल चुकी है। हालांकि, एयरपोर्ट पर किसी भी विमान को पार्क करने की अनुमति नहीं दी गई है।