सोहावल। लखनऊ-अयोध्या रेलखंड पर बड़ागांव रेलवे स्टेशन के पास बुधवार आधी रात डाउन ट्रैक पर लकड़ी का तख्त रखकर लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस (15054) को डिरेल करने की कोशिश का मामला सामने आया है। लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
बड़ागांव स्टेशन के पश्चिम में हरिदास का पुरवा के पास डाउन ट्रैक पर लकड़ी का तख्त रखा था। बुधवार रात करीब 12 बजे लखनऊ से अयोध्या की ओर जा रही ट्रेन के लोको पायलट रजनीकांत ने ट्रैक पर अवरोध देखकर गति कम की और इमरजेंसी ब्रेक लगाया। इसके बावजूद ट्रेन का अगला हिस्सा तख्त से टकरा गया। स्टेशन अधीक्षक देवदत्त ने जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। टीम ने तख्त कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन करीब 12 मिनट रुकी रही।
जीआरपी प्रभारी अयोध्या अभिषेक मिश्रा ने बताया कि घटना में ट्रेन को कोई नुकसान नहीं हुआ है। आसपास मिला संदिग्ध सामान कब्जे में लिया गया है। आरपीएफ प्रभारी हरीश कुमार शाही ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
मेले में मेहंदी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करती बालिकाएं फोटो आयोजन।