कुमारगंज। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अटल बिहारी वाजपेयी क्रीड़ा परिसर में विभिन्न हाउस की टीमों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ कुलपति डाॅ. बिजेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए फीता काटकर किया।
इस मौके पर वॉलीबॉल, बास्केटबॉल व बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में पहला मैच वॉलीबॉल का खेला गया। यह मैच पिंक हाउस और सिल्वर हाउस के बीच हुआ। इसमें 24 पॉइंट हासिल करते हुए पिंक हाउस ने शानदार जीत हासिल की। जबकि सिल्वर हाउस को 18 पॉइंट से ही संतोष करना पड़ा।
वहीं, दूसरी तरफ बास्केटबॉल प्रतियोगिता यलो हाउस और ग्रीन हाउस के बीच हुई। इसमें यलो हाउस ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 30 पॉइंट हासिल किया और जीत दर्ज की। जबकि ग्रीन हाउस को 22 पॉइंट ही मिल सका। महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता में सिल्वर और यलो हाउस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सिल्वर हाउस की रोशनी मौर्या विजेता रहीं। पुरुष वर्ग में यलो हाउस के मौसम विजेता रहे। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को स्वस्थ व फिट रहने की शपथ भी दिलाई गई। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डाॅ. डी. नियोगी व क्रीड़ा प्रभारी डाॅ. आरके आनंद की देखरेख में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर सभी हाउस के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मौजूद रहे। खेल प्रतियोगिता को सफल बनाने में डाॅ. देव नारायण, डाॅ. आदेश कुमार, डॉ. नवीन कुमार, बीके सिंह व बृजभूषण सिंह का योगदान रहा।