पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों के बाद देवकाली स्थित पेट्रोल पंप पर वाहन में पेट्रोल भरवाते लोग।
अयोध्या। जिले में शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। पेट्रोल में 3.16 रुपये और डीजल में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। नई दरों के लागू होने के बाद पेट्रोल की कीमत 94.90 रुपये से बढ़कर 98.06 रुपये और डीजल की कीमत 88.33 रुपये से बढ़कर 91.33 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
ईंधन की कीमतें बढ़ने के बाद वाहन चालकों से लेकर कारोबारियों तक पर असर दिखने लगा है। लोगों का कहना है कि पहले से बढ़ी महंगाई के बीच ईंधन महंगा होने से घरेलू बजट बिगड़ जाएगा। रोजाना नौकरी और कारोबार के लिए वाहन इस्तेमाल करने वालों को अब ज्यादा खर्च उठाना पड़ेगा। शहर के पेट्रोल पंपों पर लोग बढ़ी कीमतों को लेकर चर्चा करते नजर आए। कई वाहन चालकों ने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों से बचत करना मुश्किल हो गया है। यह बढ़ोतरी आम आदमी की जेब पर सीधा असर डालेगा। यह स्थिति पहले से ही महंगाई से जूझ रहे लोगों के लिए और चुनौतीपूर्ण हो गई है। कर्मचारी रवींद्र यादव ने बताया कि रोज बाइक से कार्यालय आना-जाना पड़ता है।
पेट्रोल महंगा होने से महीने का खर्च बढ़ जाएगा। अंशिका वर्मा ने बताया कि रसोई और अन्य घरेलू खर्च पहले से ही बढ़े हुए हैं, ऐसे में ईंधन का महंगा होना और मुश्किल पैदा करेगा। ऑटो चालकों के लिए भी कमाई सीमित होने के कारण परिवार चलाना कठिन हो रहा है। डीजल महंगा होने से माल ढुलाई का खर्च बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
व्यापारी नीतीश शर्मा ने बताया कि डीजल महंगा होने से माल ढुलाई का खर्च बढ़ेगा। इसका असर बाजार में सामान की कीमतों पर पड़ेगा। ट्रांसपोर्ट कारोबारियों का कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो उन्हें किराया बढ़ाना पड़ सकता है। इस बढ़ोतरी का सीधा प्रभाव बाजार में रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर दिखाई देगा, जिससे महंगाई और बढ़ सकती है।