अयोध्या। जिले में बृहस्पतिवार को भी पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। घंटों लाइन में लगने के बाद लोगों को बड़ी मुश्किल से पेट्रोल मिल पा रहा है। मांग बढ़ने के कारण देर शाम तक अधिकतर पेट्रोल पंप कुछ ही घंटों में ड्राई हो गए। मंगलवार दोपहर बाद से शुरू हुई पेट्रोल-डीजल की किल्लत जस की तस बनी हुई है। लोग आशंकित हैं कि आने वाले दिनों में उन्हें तेल मिलेगा या नहीं। ऐसे में वे टंकी फुल कराने में जुटे हैं। लोगों को पेट्रोल के लिए कई पंप के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। पूरे जिले में हालात ऐसे हैं कि कई जगहों पर पंप संचालकों को नो फ्यूल का बोर्ड लगाना पड़ा। हर पेट्रोल पंप पर पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों के कई छोटे पेट्रोल पंप अधिक खपत के कारण ड्राई हो गए, जिसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों के लोग शहर और हाईवे के पेट्रोल पंपों की ओर पहुंचने लगे। इससे शहर और हाईवे के पंपों पर भी भीड़ और बढ़ गई। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे से ही शहरी क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगनी शुरू हो गई और सुबह 10 बजे तक अधिकांश पंपों पर लंबी लाइन लग गई। दोपहिया और चार पहिया वाहनों के चालक टंकी फुल कराने में जुटे रहे। आपूर्ति बंद होने की आशंका में लोग ज्यादा तेल भरवा रहे हैं, जिससे खपत अचानक कई गुना बढ़ गई है और पेट्रोल पंप जल्दी ड्राई हो रहे हैं। हाईवे स्थित पेट्रोल पंपों पर भी भारी भीड़ रही। पंप संचालकों ने बताया कि कुछ ही घंटों में हजारों लीटर पेट्रोल-डीजल की बिक्री हो गई, जिसके बाद तुरंत नया ऑर्डर देना पड़ता है, जिसे आने में 24 घंटे लग जाते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। जिले में 13 लाख लीटर पेट्रोल और 18 लाख लीटर डीजल उपलब्ध है और ऑयल कंपनियों की ओर से लगातार आपूर्ति की जा रही है।
बार-बार मंगाना पड़ रहा है टैंकर
देवकाली स्थित पेट्रोल पंप के मालिक अभिनव चौबे ने बताया कि पहले ग्राहक 100 या 200 रुपये का पेट्रोल डलवाते थे, लेकिन अब 500 रुपये से अधिक या टंकी फुल कराने आ रहे हैं। पहले लगभग 11 लाख रुपये का तेल दो से तीन दिन में खत्म होता था, लेकिन अब प्रतिदिन खत्म हो जा रहा है। अचानक खपत बढ़ने से बार-बार टैंकर मंगाना पड़ रहा है।
तेल की कोई कमी नहीं
उदया पेट्रोल पंप के मैनेजर महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तेल की कोई कमी नहीं है। पहले 20 हजार लीटर का टैंकर तीसरे दिन मंगाना पड़ता था, लेकिन अब प्रतिदिन टैंकर मंगाने पड़ रहे हैं। लोग घबराहट में जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं, जिससे पंप जल्दी खाली हो जा रहे हैं।
24 घटे में 18 हजार लीटर पेट्रोल कि हो रही बिक्री
अनजनीपुरम, देवकाली रोड स्थित यश पेट्रोल पंप के मलिक अजीत सिंह ने बताया कि उनके यहां सामान्य दिनों में सात से आठ हजार लीटर पेट्रोल की बिक्री रहती थी। अफवाहों के बाद प्रतिदिन 18 हजार लीटर पेट्रोल की बिक्री हो रही है। इसलिए बाइक में 200 रुपये और कार में एक हजार रुपये पेट्रोल दिया जा रहा है।