कुमारगंज। संयुक्त सौ शैया चिकित्सालय में मंगलवार सुबह इलाज के दौरान 57 वर्षीय हनुमत प्रसाद तिवारी की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही और समय पर ऑक्सीजन न देने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया और मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए।
कांपा मलईया पांडेय का पुरवा निवासी हनुमत प्रसाद को सोमवार रात सांस लेने में दिक्कत होने पर अस्पताल लाया गया था। परिजनों के मुताबिक, इलाज के दौरान बाहर से करीब 1180 रुपये की दवाएं मंगाई गईं। उनका आरोप है कि एक इंजेक्शन के बाद दूसरे इंजेक्शन दिए जाने पर मरीज की हालत बिगड़ गई। अस्पताल में बिजली न होने से एक्स-रे भी नहीं हो सका।
समाजसेवी प्रदीप यादव ने भी परिजनों के साथ धरना दिया और बिजली व ऑक्सीजन व्यवस्था की जांच की मांग की। सूचना पर एसडीएम पवन कुमार शर्मा समेत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीएमएस रवि पांडेय ने मामले की जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हो गया।
चिकित्सक डॉ. अरविंद मौर्य ने बताया कि मरीज के फेफड़ों में संक्रमण था और सांस लेने में परेशानी थी। बिजली न होने से एक्स-रे नहीं हो सका। उपचार के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ और मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर शव घर ले गए।