41- राम मंदिर में रविवार को सजा रामलला का दरबार- ट्रस्ट
अयोध्या। रामलला के दर्शन की योजना बनाने वाले श्रद्धालुओं को अब अंतिम समय तक पास का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने ऑनलाइन सुगम दर्शन पास व्यवस्था में बदलाव किया है। अब श्रद्धालु दर्शन की तारीख से 90 दिन पहले तक पास के लिए आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन पास की संख्या भी 975 से बढ़ाकर 2000 प्रतिदिन कर दी गई है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम दर्शन पास व्यवस्था को अपग्रेड करने का निर्णय लिया है। अभी तक अधिकतम 15 दिन पहले पास उपलब्ध होते थे। नई व्यवस्था में 90, 62, 30, 14, सात, तीन और एक दिन पहले, सात चरणों में पास के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इसके अलावा दर्शन वाले दिन तत्काल पास जारी करने की भी सुविधा होगी।
तकनीकी जांच के बाद मिलेगी अग्रिम पास की पुष्टि
नई व्यवस्था में अग्रिम पास के लिए आवेदन करते ही उसकी पुष्टि नहीं होगी। आवेदन के बाद तकनीकी सत्यापन किया जाएगा। सामान्यतः 24 से 48 घंटे के भीतर पास जारी करने संबंधी निर्णय की सूचना दी जाएगी। आवेदन जमा होना पास की पुष्टि नहीं माना जाएगा। हालांकि, दर्शन वाले दिन जारी होने वाले तत्काल पास की पुष्टि तुरंत होगी। इन पर 24 से 48 घंटे की प्रतीक्षा अवधि लागू नहीं होगी।
पास के नाम पर वसूली की ट्रस्ट से कर सकेंगे शिकायत
श्रद्धालुओं से शुल्क मांगने या वसूली की स्थिति में ट्रस्ट तक शिकायत पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक पास पर शिकायत संबंधी सूचना प्रमुखता से अंकित की जाएगी। ट्रस्ट के अनुसार, शिकायत के लिए जारी मोबाइल नंबर 8009522111 को आगामी एक सप्ताह में सक्रिय करने की तैयारी है।