भेलसर। रुदौली सीएचसी के बगल स्थित अली हॉस्पिटल की ओटी को आईएमए के विरोध के बाद मरम्मत के नाम पर खोलने का आदेश तो दिया गया है, लेकिन ऑपरेशन पर अब भी रोक है। मरम्मत और नवीनीकरण के बाद स्वास्थ्य विभाग को सूचित करके ही कार्य करने की अनुमति दी गई है।
अली हॉस्पिटल सहित रुदौली के छह निजी अस्पतालों का रविवार को मुख्य चिकित्साअधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ निरीक्षण किया था। अली अस्पताल में एएनएम इलाज करते मिली थीं। लगभग एक घंटे तक बैठने के बावजूद डॉक्टर नहीं आए थे। इस वजह से अस्पताल की ओटी को सील कर दिया गया था। इसके बाद से आईएमए ने मोर्चा खोलने का एलान किया था। अली हॉस्पिटल न खुलने पर हड़ताल व आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।
इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने एक बीच का रास्ता निकाला। अस्पताल संचालक डॉ. मेराज अहमद ने सीएमओ को पत्र देकर बताया कि रविवार होने के कारण अधिकांश कर्मचारी अवकाश पर थे। वे स्वयं भी मौके पर नहीं पहुंच सके थे। ओटी में मरम्मत कार्य चलने के कारण कुछ कमियां भी मिली थीं, जिन्हें दूर कर लिया गया है। सील होने के कारण मरम्मत कार्य सही ढंग से नहीं हो पा रहा है। इस पर सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बनियान ने नर्सिंग होम के नोडल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार शुक्ला को सील ओटी खोलने का निर्देश दिया है। उधर, शर्तों के साथ ओटी खोलने व कार्य पर रोक के बावजूद आईएमए से जुड़े पदाधिकारी वाहवाही बटोर रहे हैं।