अयोध्य एयरपोर्ट पहुंचे कैबिनेट मंत्री संजय निषाद।-संवाद
अयोध्या। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि विपक्ष साजिश के तहत अयोध्या को बदनाम कर रहा है। यहां के विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
वह शनिवार को अयोध्या एयरपोर्ट पर संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। कहा कि उपचुनाव में यूपी की सभी 10 सीटों पर एनडीए गठबंधन की जीत होगी। हमने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। लोकसभा चुनाव में उसने भ्रम फैलाकर कुछ सीटें हासिल की हैं। अब इनका सच जनता के सामने आ चुका है।
कैबिनेट मंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से कांवड़ यात्रा के मार्गों पर सभी दुकानदारों की ओर से नेमप्लेट लगाए जाने का फैसला पूरी तरह से सही है। हर प्रोपराइटर को अपनी पहचान सामने रखनी चाहिए। इससे उनकी दुकान का भी प्रचार होता है।
साथ ही सामान लेने वाले को पता होता है कि वे किससे खरीदारी कर रहे हैं। कई बार जब कांवड़ यात्रा के दौरान विवाद होता है तो मालूम होता है कि दुकान पर कोई और है और मालिक कोई और है। अब ऐसा नहीं होने पाएगा। यहां पहुंचने पर संतोष निषाद समेत निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंत्री का स्वागत किया।