अयोध्या। अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी लैब की सील खुलवाने के लिए संचालक सीएमओ कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। बगैर सील खुले उन्हें फायर एनओसी नहीं मिल रही है। इस वजह से उनका पंजीकरण भी नहीं हो पा रहा है।
शहर की डॉ. लाल पैथलैब से एसपी ग्रामीण की भ्रामक जांच रिपोर्ट जारी होने के बाद सीएमओ ने जिले भर में अवैध पैथोलॉजी के खिलाफ अभियान चलाया। इसके लिए पांच टीम गठित की गईं, जिन्होंने शहर से लेकर देहात तक लगभग दो दर्जन पैथोलॉजी व ब्लड कलेक्शन सेंटर की जांच की। इस दौरान अवैध रूप से संचालन मिलने व अन्य तमाम खामियों से 11 पैथोलॉजी व तीन कलेक्शन सेंटर सील किए गए।
इन्हें बगैर पंजीकरण के संचालन न करने की हिदायत दी गई। इसके बाद पंजीकरण के लिए लैब संचालकों ने स्वास्थ्य विभाग में आवेदन की कोशिश की तो फायर एनओसी की मांग की गई। इसके लिए वह अग्निशमन विभाग गए तो वहां आवेदन के बाद भौतिक सत्यापन करके ही एनओसी जारी करने का दावा किया गया। इस बीच लैब व कक्षों में ताला लटका होने से परिसर का भौतिक सत्यापन नहीं हो पा रहा है।
ऐसे में संचालक सील खोलने की सिफारिश लिए सीएमओ कार्यालय व अग्निशमन विभाग तक का चक्कर काट रहे हैं। जबकि, विभागीय अधिकारी बगैर लाइसेंस व मानक पूरे किए सील न खोलने का दावा कर रहे हैं।