अयोध्या। डाभासेमर स्टेडियम में मंगलवार से ओपन राज्य स्तरीय आमंत्रण क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया। 24 से 28 मार्च तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में प्रतापगढ़, अम्बेडकरनगर, मैनपुरी, सैफई, हरदोई, लखनऊ, कानपुर, गोंडा, मुरादाबाद और अयोध्या सहित कई जिलों की टीमें भाग ले रही हैं।
पहले दिन खेले गए मुकाबले काफी रोमांचक रहे, जिसमें खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। पहले मैच में सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हरदोई की टीम को पराजित किया। सैफई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 75 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरदोई की टीम दबाव में नजर आई और पूरी टीम 65 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह सैफई ने यह मुकाबला जीत लिया।
दूसरे मैच में कानपुर और लखनऊ के बीच मुकाबला हुआ। कानपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 112 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में लखनऊ की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए टिक नहीं सकी और 59 रन पर ऑल आउट हो गई। इस प्रकार कानपुर ने एकतरफा मुकाबले में जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर औपचारिक शुरुआत करते हुए कि खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अच्छा अवसर प्रदान करती हैं और उन्हें आगे बढ़ने का मंच देती हैं।