09--बाबू बालिका इंटर कॉलेज से पीईटी की परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। अमर उजाला
अयोध्या। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) रविवार को जिले के 28 केंद्रों पर संपन्न हो गई। अंतिम दिन दोनों पालियों में कुल 19,079 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि सामान्य हिंदी और रीजनिंग के सवाल अपेक्षाकृत आसान रहे, जबकि गणित के सवालों को हल करने में अधिक समय लगा। करंट अफेयर्स में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
रविवार को पहली पाली में 12,552 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 9,544 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,008 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में भी 12,552 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 9,535 ने परीक्षा दी, जबकि 3,017 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
प्रश्नपत्र में समसामयिक घटनाओं से जुड़े कई सवाल शामिल रहे। वर्ष 2025 में देश के पहले रामसर मान्यता प्राप्त वेटलैंड शहरों, जनवरी 2026 में उपराष्ट्रपति की ओर से जारी पुस्तक और यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल बौद्ध स्थल से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रशासन गांव की ओर अभियान और भारत की पहली विदेशी रक्षा विनिर्माण इकाई से जुड़े सवाल भी आए।
मऊ के अजय राय ने बताया कि करंट अफेयर्स में हाल की घटनाओं से जुड़े कई सवाल पूछे गए। सामान्य ज्ञान के प्रश्न ठीक रहे, लेकिन कुछ विकल्प उलझाने वाले थे। बलिया के अवनीश कुमार चौबे ने बताया कि गणित में आंकड़ों पर आधारित सवालों को हल करने में अधिक समय लगा। अमेठी की अलका सिंह ने प्रश्नपत्र को संतुलित बताया।