अयोध्या। रक्षाबंधन पर्व पर उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने महिलाओं को एक विशेष तोहफा दिया है। अब महिलाएं ही नहीं, बल्कि उनके साथ एक सहयात्री भी रोडवेज की समस्त श्रेणी की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा 8 अगस्त की सुबह 6 बजे से 10 अगस्त की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। अयोध्या परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि सभी डिपो प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि इन तीन दिनों के दौरान शत-प्रतिशत बसों को ऑनरोड किया जाए। साथ ही बस अड्डों और बसों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रोस्टर के अनुसार ड्यूटी निर्धारित की गई है। बस चालकों और परिचालकों को वर्दी में रहने और नियमित रूप से ड्यूटी करने के निर्देश हैं। ब्रेथ एनेलाइजर के माध्यम से चालकों व परिचालकों की जांच करने के लिए जांच दल तैनात किए गए हैं, ताकि यात्रा सुरक्षित रहे। क्षेत्रीय प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।