अयोध्या। टप्पेबाजों ने शहर के नाका बाईपास से लिफ्ट देने के बहाने एक वृद्ध को बाइक पर बैठा लिया। छावनी, बस्ती के पास उन्हें उतारकर उनका बैग लेकर वह भाग निकले। बैग में रखे मोबाइल फोन से यूपीआईडी बनाकर 40 बार में 2.98 लाख रुपये उनके बैंक खाते से निकाल लिए। पुलिस ने केस दर्ज करके छानबीन शुरू की है।
नगर कोतवाली में दर्ज एफआईआर में शहर के लालबाग नई कॉलोनी निवासी राम निवास त्रिपाठी ने बताया कि 23 जुलाई की सुबह लगभग 10 बजे वह बस्ती जिले के रामगढ़ छावनी स्थित पैतृक गांव जा रहे थे। नाका बाईपास पर खड़े होकर सवारी का इंतजार करते समय एक व्यक्ति मोटर साइकिल से उनके पास आकर रुका। बातचीत के दौरान खुद के बस्ती तक जाने का हवाला देते हुए उन्हें मोटर साइकिल पर बैठा लिया।
थोड़ा आगे चलने पर उसका दूसरा साथी उसे मिला, जिसे भी उसने बाइक पर बैठा लिया। पचवस, छावनी से थोड़ा पहले पहुंचने पर उसने लघुशंका का बहाना करके गाड़ी रोकी तो वह भी उतर गए। पीछे बैठे व्यक्ति ने उनकी सहायता करने के बहाने उनका बैग ले लिया। जब वह बाइक से उतरे तो दोनों व्यक्ति उनका बैग लेकर भाग निकले। बैग में कपड़े, पांच हजार रुपये व मोबाइल फोन था।
थाना छावनी में मौखिक सूचना देकर वह गांव चले गए। जब उन्होंने वापस आकर नया सिम निकलवाया तो पता चला कि अंगूरीबाग स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के बैंक खाते से 23 से 29 जुलाई के मध्य 2,98,600 रुपये निकाले गए हैं। उन्होंने साइबर थाने में शिकायत की तो लगभग दो लाख रुपये होल्ड किए गए हैं। कोतवाल अश्विनी पांडेय ने बताया कि केस दर्ज करके जांच की जा रही है।