अयोध्या। कुमारगंज क्षेत्र के सुनील कुमार की कथित फर्जी डिग्री का मामला सामने आने के बाद आयुष विभाग में हड़कंप मच गया है। अब यह आशंका गहरा गई है कि कहीं सुनील की तरह अन्य चिकित्सकों ने भी पंजीकरण के दौरान फर्जी या संदिग्ध दस्तावेजों का सहारा तो नहीं लिया। इसी आशंका के बीच क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. एमएस विष्णु ने जिले में पंजीकृत 130 चिकित्सकों की फाइलें एक बार फिर जांच के लिए निकलवा ली हैं।
जिले में वर्तमान में 95 बीएएमएस और 35 बीयूएमएस चिकित्सक पंजीकृत हैं। खास बात यह है कि इन सभी 130 चिकित्सकों की एचपी आईडी भी बनी हुई है और उनके प्रमाणपत्रों से संबंधित विवरण भारत सरकार के पोर्टल पर दर्ज हैं। इसके बावजूद सुनील कुमार के मामले ने विभाग की चिंता बढ़ा दी है। अधिकारी किसी भी स्तर पर चूक नहीं छोड़ना चाहते और पुराने दस्तावेजों का फिर से मिलान किया जा रहा है।
जांच में चिकित्सकों की डिग्री, अंकपत्र, संस्थान, विश्वविद्यालय और पंजीकरण के समय प्रस्तुत अन्य प्रमाणपत्रों की विशेष रूप से पड़ताल की जा रही है। जरूरत पड़ने पर संबंधित विश्वविद्यालयों और संस्थानों से भी अभिलेखों का सत्यापन कराया जा सकता है। कुमारगंज के सुनील कुमार के मामले के बाद विभाग की चिंता और बढ़ गई है।