60-छठ पर्व पर पूजन करतीं महिलाएं।- संवाद
अयोध्या। रात का सन्नाटा धीरे-धीरे भोर की आहट में बदल रहा था। सरयू की लहरों के बीच हजारों आंखें पूरब दिशा में टिकी थीं। हाथों में पूजन की डलिया, मन में अटूट विश्वास और जुबां पर एक ही पुकार... उगा हे सूरज देव, भइले अरघ के बेर...। चार दिनों के कठिन तप, संयम और उपासना के बाद सोमवार की सुबह छठ व्रतियों की प्रतीक्षा आखिरकार पूरी हुई। हालांकि, बादलों और कोहरे के कारण भगवान भास्कर के दर्शन में विलंब हुआ, लेकिन व्रतियों की अटूट आस्था के आगे इंतजार भी छोटा पड़ गया।
सुबह करीब सात बजे जैसे ही सूर्यदेव ने बादलों की ओट से अपनी लालिमा बिखेरी, सरयू के घाट जय श्रीराम, जय सरयू मइया और जय छठी मइया के जयकारों से गूंज उठे। सूर्योदय का निर्धारित समय सुबह 6:15 बजे था, लेकिन घने बादलों और कोहरे के कारण आसमान में सूर्य की लालिमा दिखाई नहीं दे रही थी।
ऐसा लग रहा था मानो प्रकृति भी व्रतियों की परीक्षा ले रही हो। आखिरकार, करीब सात बजे आसमान में सूर्य की पहली लालिमा दिखाई दी। इसके साथ ही घाटों पर उल्लास की लहर दौड़ गई। भगवान भास्कर ने अपनी लालिमा बिखेरते हुए व्रतियों को दर्शन दिए। इस अलौकिक क्षण को अपने भीतर समेटने के लिए हर कोई आतुर दिखा। श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की। अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य की कामना की और बड़ों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद घरों में पारण की तैयारियां शुरू हो गईं। प्रसाद वितरण के साथ ही चार दिनों तक चलने वाला छठ का महाव्रत संपन्न हो गया।