फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: बैरियर तोड़कर भाग रहे थार सवारों ने चलाई गोली, सपा नेता के भतीजे को लगी

Wed, 26 Aug 2026 11:58 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन
सोहावल। रौनाही टोल प्लाजा पर मंगलवार देर रात करीब दो बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब बिना नंबर की थार सवार युवकों ने टोल टैक्स देने से बचने के लिए बैरियर तोड़ दिया। टोलकर्मियों ने विरोध किया तो आरोप है कि थार सवारों ने जमकर दबंगई दिखाई और फायरिंग करते हुए मौके से भाग गए। इस गोलीबारी में सपा नेता फिरोज खान गब्बर के 28 वर्षीय भतीजे सुफियान को गोली लग गई।
विज्ञापन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार सवार लखनऊ की ओर से अयोध्या जा रहे थे। टोल बूथ नंबर एक पर बिना टैक्स दिए निकलने के लिए उन्होंने बैरियर तोड़ दिया। टोलकर्मियों ने घटना को कैमरे में कैद करने के लिए उनका पीछा किया तो कुछ दूर जाकर थार सवार रुक गए। इसके बाद टोलकर्मियों और वाहन सवारों के बीच झड़प शुरू हो गई।
इसी बीच आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने की आहट होते ही थार सवारों ने खुद को घिरता देख गोली चला दी और तेज रफ्तार में भाग गए। फायरिंग की एक गोली तौल कांटे के पास स्कूटी पर बैठे सुफियान को जा लगी। वह पास के ढाबे पर चाय पीने पहुंचा था।
विज्ञापन

बताया जा रहा है कि सुफियान धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद देर रात ढाबे पर आया था। गोली लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
घायल के भाई शादाब की तहरीर पर रौनाही थाने में अज्ञात थार सवारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सीओ सदर प्रतीक कुमार के मुताबिक, घटनास्थल के आसपास लगे टोल प्लाजा और ढाबों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मौके से दो राउंड फायरिंग की पुष्टि हुई है और एक खोखा भी बरामद किया गया है। सुफियान के चाचा फिरोज खान गब्बर वर्ष 2022 में सपा के टिकट से विधानसभा चुनाव भी लड़े थे। वह दूसरे स्थान पर रहे। पुलिस इस घटना में यह भी जांच कर रही है कि कहीं कोई चुनावी रंजिश तो नहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें