फोटो 39-पीएचसी सराय धनेठी में जांच करते डॉक्टर-संवाद
अयोध्या। जिले के बीकापुर, सोहावल और मिल्कीपुर क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। बारिश के कारण कई केंद्रों पर मरीजों की संख्या कम रही। विभिन्न केंद्रों पर कुल 226 मरीजों का पंजीकरण कर जांच और उपचार किया गया। अधिकांश मरीज वायरल बुखार और मौसमी बीमारियों से पीड़ित मिले।
बीकापुर के पीएचसी चौरे बाजार में 48 और कोछा में 36 मरीज पहुंचे। चौरे बाजार में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मोहम्मद इरशाद की टीम ने मरीजों को दवाएं दीं। यहां बुखार, शरीर दर्द, खुजली और मौसमी बीमारियों के मरीज अधिक रहे। कोछा में डॉ. राजेश कुमार ने मरीजों की जांच की।
सोहावल के पीएचसी मुबारकगंज में 68 मरीजों ने पंजीकरण कराया। इनमें 32 महिलाएं और 11 बच्चे शामिल थे। बीपी, शुगर, वायरल, चर्म रोग और पेट संबंधी बीमारियों के मरीज अधिक आए। डॉक्टरों की पुलिस लाइन में ड्यूटी के कारण आयुष चिकित्सकों ने मेले की जिम्मेदारी संभाली। यहां ब्लड और यूरिन की जांच हुई।
मिल्कीपुर के पीएचसी सरायधनेठी में 74 मरीजों का परीक्षण व उपचार किया गया। सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार, सांस और त्वचा रोग के मरीज अधिक रहे। एक मरीज को बलगम जांच के लिए सीएचसी मिल्कीपुर रेफर किया गया।