कुमारगंज। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के एनएसएस इकाई-तीन की ओर से बृहस्पतिवार को लाल का पुरवा में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का शुभारंभ किया गया। इस शिविर में पशु चिकित्सा पशुपालन एवं मात्स्यिकी महाविद्यालय के 50 छात्र-छात्राएं ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर जागरूक करेंगे।
यह शिविर 12 मार्च से 18 मार्च तक चलेगा। एनएसएस इकाई-तीन के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजीत वर्मा ने बताया कि शिविर के दौरान नुक्कड़ नाटक, कविता, भाषण और नृत्य का आयोजन होगा। इनके माध्यम से स्वच्छता, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुरक्षा योजना और संक्रमण से बचाव जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाई जाएगी। छात्र-छात्राएं गांवों में साफ-सफाई, नशा मुक्ति अभियान और पौधरोपण भी करेंगे। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. डी. नियोगी के संयोजन में यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। शुभारंभ के मौके पर कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुशील कुमार यादव और ग्रामीण उपस्थित रहे।