अयोध्या। नगर निगम में स्वच्छ भारत मिशन के तहत तिलक हाॅल में महिला क्षमता संवर्धन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं को स्वच्छता अभियान से जोड़कर रामनगरी को विश्व का सबसे स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाना रहा। इस दौरान 250 महिलाओं को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और कंपोस्टिंग जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
नगर आयुक्त संतोष शर्मा ने स्वच्छता को जीवनशैली में शामिल करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के एक नहीं कई लाभ हैं। वातावरण स्वच्छ रहने से कई तरह की बीमारियों से बचा जा सकता है, जिसमें मच्छर जनित बीमारियां और पेट से संबंधित बीमारियां शामिल हैं। सहायक नगर आयुक्त और नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने तकनीकी जानकारी साझा करते हुए आम नागरिकों से स्वच्छ अयोध्या-स्वस्थ अयोध्या के संकल्प को साकार करने की अपील की।
प्रख्यात कवयित्री पूजा यक्ष ने स्वच्छता पर केंद्रित ओजस्वी कविता पाठ प्रस्तुत कर भावनात्मक जुड़ाव स्थापित किया। बच्चों ने खेल और पहेली के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया। समाजसेवी व राम का घर संस्था की प्रमुख एकता भटनागर ने नारी शक्ति को स्वच्छता की प्रेरक शक्ति बताते हुए जन भागीदारी का आह्वान किया। चिंतन रिसर्च सेंटर व आईटीसी डिवाइन के विशेषज्ञों ने व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया।
स्वच्छ अयोध्या-स्वस्थ अयोध्या थीम सॉन्ग का अनावरण भी किया गया। इससे वातावरण ऊर्जा और उत्साह से भर उठा। सभी प्रतिभागियों को इको फ्रेंडली बैग प्रदान किए गए। इस अवसर पर उप सभापति राजेश गौड़, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल, सहायक नगर आयुक्त गुरु प्रसाद पांडेय, जिला संक्रामक रोग अधिकारी डॉ. अरविंद श्रीवास्तव, बाल कल्याण समिति की सदस्य स्मिता तिवारी, हेमंत जायसवाल, रवि सोनकर, आलोक सिंह राना, राहुल सिंह, दीपक पांडेय, रूबी रावत, कमल गुप्त, विजयलक्ष्मी सिंह, नीता शर्मा, कल्पना, प्रीति, रेखा, अन्नपूर्णा, किरण व शारदा सोनी मौजूद रहीं।