अयोध्या। आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्र-छात्राओं को बिना किसी शुल्क के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए संचालित की जा रही अभ्युदय कोचिंग का अब अयोध्या में आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन को सीएसआर के तहत देश के प्रमुख एडटेक (शिक्षा प्रौद्योगिकी) प्लेटफॉर्म ''फिजिक्स वाला'' का साथ मिला है। इसने जेईई और नीट के लिए 25 हजार रुपये के मूल्य वाले 200 ऑनलाइन पैकेज मुफ्त में उपलब्ध कराए हैं।
अभ्युदय प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही मुफ्त कोचिंग योजना है। इसका उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों को यूपीएससी, पीसीएस, नीट, जेईई, एनडीए व सीडीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग, अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन प्रदान करना है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राएं भी बिना शुल्क के अपनी तैयारी करते हुए सरकारी नौकरी और उच्च शिक्षा के सपने पूरे कर सकते हैं। इस योजना में आधुनिक सुविधाएं, विशेषज्ञ शिक्षकों की ओर से मार्गदर्शन, मॉक टेस्ट और लाइब्रेरी की सुविधा मिलती है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्र-छात्राओं को सही दिशा और बेहतर तैयारी करने में मदद मिलती है।
अब जिला प्रशासन ने अयोध्या में अभ्युदय काेचिंग के आधुनिकीकरण के साथ इसे विस्तार देने की कार्ययोजना तैयार की है। पहले चरण में राजकीय इंटर कॉलेज में संचालित होने वाली जेईई और नीट की कोचिंग पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को फिजिक्स वाला का ऑनलाइन पैकेज उपलब्ध कराया जाएगा। इस समय जेईई और नीट की कोचिंग कर रहे 300 छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिल सकेगा। इसके माध्यम से वह उच्च स्तरीय शैक्षणिक सामग्री के माध्यम से अपनी तैयारियों को बेहतर कर सकेंगे। 25 हजार रुपये के मूल्य वाला पैकेज पूरी तरह से मुफ्त उपलब्ध होगा।
विस्तार के लिए राज्यपाल दे चुकी हैं मंजूरी
इसी कड़ी में साकेत कॉलेज में सिविल सर्विसेज की तैयारी के लिए चलने वाली कोचिंग को अब विस्तार दिया जाएगा। इस समय साकेत कॉलेज में करीब 200 विद्यार्थी अभ्युदय काेचिंग के माध्यम से तैयारी कर रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले समय में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में भी सिविल सर्विसेज की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग शुरू की जाएगी। इस संबंध में पिछले दिनों यहां के दौरे पर आईं प्रदेश की राज्यपाल और राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल से वार्ता हुई है। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में कोचिंग शुरू करने के लिए मंजूरी दे दी है।