अयोध्या। जिला अस्पताल का नाक, कान, गला विभाग (ईएनटी) अब चिकित्सक मुक्त हो गया है। यहां तैनात ईएनटी सर्जन डॉ. अजीत कुशवाहा के इस्तीफा देने के बाद यह हालात पैदा हुए हैं। विकल्प के तौर पर श्रीराम अस्पताल के डॉ. सौम्य तिवारी को संबद्ध किया गया है। वह सप्ताह में दो दिन ही सेवायें दे रहे हैं। ऐसे में दूर-दराज से आने वाले रोगियों को भटकना पड़ता है।
जिला अस्पताल में ईएनटी सर्जन के दो पद स्वीकृत हैं, जिसके सापेक्ष एकमात्र चिकित्सक डॉ. अजीत कुशवाहा की तैनाती थी। बीते दिनों उनका चयन बीआरडी मेडिकल कॉलेज में होने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। तभी से यह विभाग चिकित्सकों से खाली चल रहा है। जबकि, मंडल मुख्यालय का अस्पताल होने के कारण यहां आसपास के जिले के लोग भी आते हैं।
समस्या को देखते हुए बीते दिनों प्रमुख अधीक्षक डॉ. अजय सिंह गौतम ने अपर निदेशक को पत्र लिखकर कार्यवाही की मांग की थी। इसे संज्ञान लेकर उन्होंने श्रीराम अस्पताल के ईएनटी सर्जन डॉ. सौम्य तिवारी को संबद्ध किया था, जो कि प्रत्येक मंगलवार और बृहस्पतिवार को ओपीडी संभाल रहे हैं। शेष चार दिन ओपीडी में ताला लटका रहता है।
प्रमुख अधीक्षक डॉ. अजय सिंह गौतम ने बताया कि ईएनटी सर्जन की तैनाती न होने से दिक्कतें तो आ रही हैं। इसके लिए अपर निदेशक के माध्यम से शासन स्तर पर पत्राचार किया गया है। शीघ्र ही एक चिकित्सक के तैनाती की उम्मीद है।