पूराबाजार। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत पुरखेपुर में कोटेदार चुनाव का परिणाम छह दिन बाद भी घोषित नहीं हुआ है। चार जून को हुए मतदान के बाद से ग्रामीण और प्रत्याशी अंतिम निर्णय का इंतजार कर रहे हैं।
कोटेदार का चुनाव खुली बैठक के तहत चार जून को मतदान के साथ संपन्न हुआ था। हालांकि चुनाव के दौरान कई बार प्रत्याशियों और ग्राम प्रधान के समर्थकों के बीच हंगामे की स्थिति हुई लेकिन पुलिस और अधिकारियों ने संभाल लिया था जिसके बाद शांतिपूर्ण मतदान भी हुआ। प्रत्याशी पूजा को 58 मत, लक्ष्मी को 83 मत और अनामिका को 87 मत मिले। बीडीओ अनुराग सिंह और ग्राम पंचायत अधिकारी रवि कुमार ने प्रक्रिया की निगरानी की। मतदान के छह दिन बाद भी राशन की दुकान के आवंटन पर अंतिम निर्णय नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं और प्रत्याशियों में असमंजस बना हुआ है।
इस बाबत पूछे जाने पर बीडीओ अनुराग सिंह ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की रिपोर्ट एसडीएम सदर को भेजी गई है। राशन की दुकान के आवंटन और परिणाम पर आगे की कार्रवाई एसडीएम स्तर से होगी। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द परिणाम घोषित होने से स्थिति स्पष्ट होगी। इससे चल रही अटकलों पर विराम लग सकेगा।