अयोध्या। बारिश थमने के तीन दिन बाद भी जनौरा की धोबी गली में जलभराव से राहत नहीं मिली है। बुधवार शाम हुई बारिश के बाद घरों के सामने जमा पानी अब तक नहीं निकल पाया है। कई जगह पानी उतरने के बाद कीचड़ और प्लास्टिक कचरा जमा है। नाले की सफाई नहीं होने से हर बारिश में करीब 30 घरों में पानी भर जाता है। इससे लगभग 80 लोग दस वर्षों से परेशान हैं।
करीब 11 घरों के लोगों को अब भी गंदे पानी से होकर आना-जाना पड़ रहा है, जबकि चार घरों में पानी भरा हुआ है। घरों में सीलन, दुर्गंध और मच्छरों के प्रकोप से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। किचन में पानी भरने के कारण दूसरे कमरे में खाना बनाना पड़ रहा है। बच्चों की तबीयत खराब होने और स्कूल जाने में परेशानी से परिवार चिंतित हैं।
घरों में उतर रहा करंट, कई बार लग चुके हैं झटके
स्थानीय निवासी मीनाक्षी रावत ने बताया कि उनके घर के किचन, बाथरूम और बरामदे में पानी भरा है। करंट उतरने और कई बार झटके लगने के कारण इन जगहों की लाइट का कनेक्शन कटवाना पड़ा। जलभराव से घरेलू सामान को नुकसान पहुंच रहा है और दरवाजे सड़ रहे हैं। स्थानीय निवासी परी ने बताया कि कई दिनों से बुखार होने के कारण वह स्कूल नहीं जा पा रही है। कुणाल के मुताबिक, उसके हाथों में दाने निकल आते हैं और अक्सर बुखार रहता है। ममता ने बताया कि नाला पूरी तरह जाम होने से घरों के सामने पानी भरा रहता है।
जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी
अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव ने कहा कि जलभराव की समस्या की जांच कराकर नाले की सफाई और पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा। लोगों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।