अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में अब गैस सिलिंडरों की आपूर्ति और भंडारण की समस्या से राहत मिलेगी। मंदिर परिसर में बिछाई गई गैस पाइप लाइन व्यवस्था का शुक्रवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके बाद मंदिर की रसोई और संबंधित व्यवस्थाओं में पाइप लाइन के माध्यम से सीधे गैस आपूर्ति शुरू करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई।
मंदिर प्रशासन के अनुसार नई व्यवस्था लागू होने से बड़ी संख्या में सिलिंडरों के उपयोग और बार-बार उनकी ढुलाई की आवश्यकता कम हो जाएगी। इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ रसोई संचालन भी अधिक सुगम और व्यवस्थित हो सकेगा। राम मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संत पहुंचते हैं, जिसके चलते भोजन प्रसाद और रसोई व्यवस्था का दायरा लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में गैस पाइप लाइन परियोजना को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव ने बताया कि पूजा-अर्चना के बाद गैस आपूर्ति प्रणाली का शुभारंभ किया गया। नई व्यवस्था से समय की बचत होगी, सुरक्षा मानकों में सुधार आएगा और निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।