अयोध्या। रामनगरी आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला जेल के पीछे 14 हजार स्क्वायर मीटर क्षेत्र में 8.5 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक पार्किंग का निर्माण कराया गया है। नगर निगम की ओर से तैयार इस पार्किंग में 48 बड़े वाहन, 150 से अधिक चार पहिया वाहन और बड़ी संख्या में मोटरसाइकिल खड़ी हो सकेंगी। यह सुविधा न केवल वाहनों की पार्किंग को सुगम बनाएगी बल्कि इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराएगी।
रामलला के दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए योगी सरकार ने इस पार्किंग को प्राथमिकता के आधार पर तैयार कराया है। यह पार्किंग शहर की भीड़ को कम करने और यातायात को व्यवस्थित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को अपने बड़े वाहनों को खड़ा करने के लिए अब इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
पार्किंग में विभिन्न प्रकार के वाहनों के लिए अलग-अलग क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। यहां पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए गए हैं। यह सुविधा पर्यावरण के अनुकूल यात्रा को बढ़ावा देगी और उन पर्यटकों के लिए लाभकारी होगी, जो इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करते हैं। पार्किंग क्षेत्र को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी की गई है।
पार्किंग को पर्यटकों के लिए आकर्षक भी बनाया गया है। जिला कारागार की दीवारों को रंग-बिरंगी पेंटिंग्स से सजाया गया है। इनमें रामायण के दृश्य, अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक महत्व को दर्शाया गया है। यहां वाहन पार्किंग करने वाले श्रद्धालु और पर्यटक इन दीवारों के पास पहुंचकर पेंटिंग के साथ सेल्फी भी ले सकेंगे। रायबरेली, प्रयागराज व अंबेडकरनगर से हाईवे होकर नाका में प्रवेश करने के बाद मकबरा से ओवरब्रिज होकर इस पार्किंग स्थल पर पहुंचा जा सकेगा।