गोसाईगंज। दुर्गा पूजा महोत्सव के लिए नगर पंचायत की ओर से एक अस्थायी कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। इसमें कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। लोग अपनी समस्याएं यहां दर्ज करा सकेंगे। यह निर्णय नगर पंचायत गोसाईगंज बोर्ड की बैठक में शुक्रवार को किया गया। साथ ही छठ पूजा तक नगर पंचायत कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं।
बैठक में तय हुआ है कि जहां-जहां दुर्गा पूजा की प्रतिमाएं स्थापित होंगी और मेले का रास्ता होगा, उन सभी मार्गों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा। विसर्जन के लिए घाटों पर रैंप और क्रेन की व्यवस्था रहेगी। नगर पंचायत क्षेत्र की सभी स्ट्रीट लाइटें दो दिनों के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। आकस्मिक अवकाश को छोड़कर नगर पंचायत के सभी कर्मचारियों की छुट्टियां छठ पूजा तक रद कर दी गई हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर दशहरा, भरत मिलाप और विसर्जन के दिन विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. विजयलक्ष्मी जायसवाल ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए नगर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुगम यातायात की पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में अधिशाषी अधिकारी सीमा राय, सभासद रविंद्र यादव, कालीचरण वर्मा, इम्तियाजउल हक, अवधेश स्वर्णकार, प्रतिनिधि श्यामलाल, दिनेश जायसवाल एवं आलोक गुप्ता सहित अन्य उपस्थित रहे।