16- नियावां वार्ड के न्यू कॉलोनी में क्षतिग्रस्त पुलिया और लगा कूड़े का ढेर- संवाद
अयोध्या। नियावां वार्ड की न्यू कॉलोनी को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित पुलिया विभागीय उपेक्षा और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। जिस पुलिया के निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों ने पोर्टल पर गुहार लगाई थी, उस पर बिना एक भी ईंट रखे निस्तारित दिखाकर फाइलों में दफन कर दिया गया।
वर्तमान यह पुलिया किसी बड़े हादसे को दावत दे रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि न्यू कॉलोनी मार्ग की यह पुलिया कई वर्षों से जर्जर थी। पुलिया के मरम्मत को लेकर 15 सितंबर 2025 को नगर निगम के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। उम्मीद थी कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा, लेकिन अधिकारियों ने मौके पर आए बिना ही एक महीने के भीतर पोर्टल पर शिकायत का निस्तारण दिखा दिया।
जबकि हकीकत में पुलिया एक तरफ से दबने लगी है और नीचे नाले में कूड़े का अंबार जमा है। इससे संक्रमण जनित रोगों के फैलने का खतरा बना हुआ है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय अंधेरा होने पर दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
डंपिंग यार्ड बनी टूटी पुलिया
स्थानीय निवासी अविरल पाठक ने बताया कि जब पुलिया की बाउंड्री से एक-दो ईंटें ही निकले थे, तभी पार्षद से इसे ठीक कराने के लिए कहा गया था, लेकिन कई बार कहने के बाद भी जब इस ओर ध्यान नहीं दिए गया। तब नगर निगम के पोर्टल पर शिकायत की गई तो बिना कार्य कराए ही उसे निस्तारित कराके कागजों पर ही पुलिया बनवा दी गई। यहीं की जानवी पाठक ने कहा कि पूरी पुलिया बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इससे राहगीरों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जितेंद्र का कहना है कि पुलिया के पास गंदगी का अंबार लगा है। समस्या दूर नहीं हुई, बल्कि पुलिया निगम की डंपिंग यार्ड बन गया है। महीनों से सफाई न होने के कारण यहां से उठने वाली दुर्गंध ने स्थानीय लोगों और राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है। संक्रामक बीमारियों का के फैलने का खतरा बना हुआ है।