37- बड़ी देवकाली में निरीक्षण करते महापौर गिरीशपति त्रिपाठी - विभाग
अयोध्या। दुर्गापूजा को लेकर शहर के प्रमुख देवी मंदिरों और रामलीला स्थलों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने शनिवार सुबह नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के साथ बड़ी देवकाली मंदिर, वजीरगंज स्थित रामलीला मैदान और पाटेश्वरी मंदिर समेत विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने और अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिए।
बड़ी देवकाली मंदिर परिसर में बने कुंड में काई जमी देखकर महापौर ने उसकी सफाई कराने और चूने का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। साथ ही फुटपाथ को दुरुस्त करने और मंदिर परिसर में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने को कहा। मंदिर के सामने खोदी गई गली में गंदा पानी बहता देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। महापौर ने अधूरा निर्माण छोड़ने वाले ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। फतेहगंज मार्ग पर रामलीला मैदान की ओर जाते समय जेपी शुक्ला के घर के पास नाली का निर्माण भी अधूरा मिला। इस पर नगर आयुक्त ने मिट्टी हटवाकर रास्ते को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए।
वजीरगंज स्थित रामलीला मैदान में महापौर ने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने वाटर कूलर और हैंडपंप लगवाने के निर्देश दिए। इसके बाद महापौर ने पाटेश्वरी मंदिर की व्यवस्थाएं देखीं। पार्षद प्रतिनिधि अजय पांडेय के आग्रह पर उन्होंने मंदिर में लाइटिंग लगवाने और बच्चों के लिए झूला लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में ओपन जिम की व्यवस्था कराने और कुंड का सुंदरीकरण कराने को कहा।