अयोध्या। जिले के सभी पुलिस थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान राजस्व संबंधी मामलों की अधिकांश शिकायतें आईं, जिनके निस्तारण के लिए टीमें गठित की गईं। अधिकारियों ने निर्धारित समयावधि में शिकायतों का निस्तारण कराने का निर्देश दिया।
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार विधानसभा उपचुनाव संपन्न होने के बाद इनायतनगर थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर राजीव रतन सिंह ने सुनवाई की। यहां क्षेत्र के छह लोगों ने शिकायत की। सुशील व अनुपम ने आरोप लगाया कि उनकी गाटा संख्या 515 का 529 में विपक्षी जबरन जेसीबी मशीन से मिट्टी खोदाई कर रहे हैं। ईंट रख कर कब्जा कर लिया है।
पारा ब्रम्हनान निवासी ऋचा ने बताया कि उनके ससुरालीजन दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं और घर से निकाल दिया है। धौरहरा मुकुंदहा के रामशंकर ने बताया कि विपक्षी आलोक कुमार उनकी भूमि में हस्तक्षेप करते हैं। थाना कुमारगंज में नायब तहसीलदार मिल्कीपुर आनंद प्रकाश राय व थाना प्रभारी अमरजीत सिंह के समक्ष दो शिकायतें आईं। थाना खंडासा में सर्वाधिक 11 शिकायतें आईं, लेकिन राजस्व विभाग के किसी अधिकारी के न रहने से एक का भी निस्तारण नहीं हो सका
बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली परिसर में तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह के समक्ष आठ शिकायतें आई। इसमें पांच शिकायत राजस्व संबंधित व तीन पुलिस विभाग से संबंधित थीं। पुलिस अधिकारियों के महाकुंभ यातायात नियंत्रण में व्यस्तता होने से किसी भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। भूमि संबंधित मामलों में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम बनाकर निस्तारण का निर्देश दिया गया।