बीकापुर। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत जेरुआमें एक वैवाहिक कार्यक्रम में फूड पॉयजनिंग का मामला सामने आया है। राम आशीष कोरी के छोटे पुत्र की बरात में खाना खाने के बाद दो दर्जन से अधिक लोग अचानक उल्टी-दस्त और बेहोशी की शिकायत करने लगे। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम और चिकित्सकों ने जांच पड़ताल शुरू की और प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सक डॉ. संत कुमार मौर्या ने बताया कि सभी लोगों की जांच करने के बाद दवा दी गई है। फूड पॉयजनिंग का केस लग रहा है। खाने में किसी प्रकार की कोई कमी हो गई थी जिसके कारण यह घटना हुई। सभी को उपचार के बाद दलिया और हल्का भोजन के लिए निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में जाकर जांच पड़ताल की और सभी लोगों के ब्लड जांच के लिए भेजा। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक राजकुमार सिंह, स्वास्थ्य निरीक्षक शिवम पांडेय, ब्लड निरीक्षक विश्वनाथ प्रजापति और गांव की आशा और एएनएम ने ब्लड सैंपल जिले पर भेजा। स्वास्थ्य निरीक्षक शिवम पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया वैवाहिक कार्यक्रम में भोजन में किसी प्रकार की कोई दिक्कत लगती है। खाना खा लेने से लोगों की तबीयत खराब हो गई थी लेकिन उपचार किया गया। अब सभी लोगों की स्थिति स्थिर है। जांच के लिए रिपोर्ट जिले पर भेजी गई है।