फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: तीनों कंपनियों में 54 हजार से ज्यादा बुकिंग लंबित

Wed, 18 Mar 2026 11:09 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। जिले में गैस सिलिंडर का संकट अभी बना हुआ है। गैस इंडियन ऑयल (आईओसीएल), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) और भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) तीनों कंपनियों में मिलाकर 54 हजार से अधिक सिलिंडर की बुकिंग लंबित है। करीब चार से छह दिन का बैकलॉग होने के कारण उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है और एजेंसियों पर दबाव बना हुआ है।
विज्ञापन


आईओसीएल में सबसे अधिक 34,106 सिलिंडर की बुकिंग लंबित है और बैकलॉग चार दिन अधिक तक पहुंच गया है। वर्तमान में 12 से 13 मार्च तक की बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को ही सिलिंडर मिल पा रहा है। शहर की प्रमुख एजेंसियों शशि गैस सर्विस, साकेत गैस सर्विस, जीडी इंडेन और रुदौली गैस सर्विस पर रोजाना एक से दो गाड़ियों का लोड पहुंचने के बावजूद मांग पूरी नहीं हो पा रही है।

एचपीसीएल में 8,897 सिलिंडर की बुकिंग लंबित है। यहां प्रतिदिन औसतन 1,400 बुकिंग हो रही हैं, जबकि जरूरत करीब 2,000 सिलिंडर प्रतिदिन की है। फिलहाल 14 मार्च तक की बुकिंग पर ही गैस मिल पा रही है।
विज्ञापन


बीपीसीएल में भी 11,395 सिलिंडर की बुकिंग पेंडिंग है। यहां रोजाना औसतन 2,200 नई बुकिंग दर्ज हो रही हैं, जबकि आवश्यकता करीब 2,500 सिलिंडर प्रतिदिन की है। चार दिन के बैकलॉग के चलते 14 मार्च तक की बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को ही सिलिंडर मिल पा रहा है।

हाल के दिनों में प्लांट बंद रहने और आपूर्ति बाधित होने से स्थिति और बिगड़ गई है। एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं और उपभोक्ताओं को कई-कई दिन इंतजार करना पड़ रहा है।

इनसेट-

गाड़ी न आने से एजेंसी बंद, पुलिस बुलानी पड़ी
देवकाली बाईपास स्थित शशि गैस एजेंसी पर बुधवार को गैस की गाड़ी न पहुंचने से सिलिंडर का वितरण नहीं हो सका। सुबह से ही सैकड़ों उपभोक्ता एजेंसी पर जुटे रहे, लेकिन गैस न मिलने पर उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। गाड़ी न आने के कारण एजेंसी भी बंद रही। इससे केवाईसी और बाउचर जारी करने की प्रक्रिया भी ठप रही।

मिल्कीपुर निवासी अशोक कुमार यादव ने करीब 11:45 बजे डायल 112 पर एजेंसी बंद होने की शिकायत की। मौके पर पहुंची पुलिस ने एजेंसी के बाहर अस्थायी काउंटर लगवाकर केवाईसी प्रक्रिया शुरू कराई, तब जाकर लोगों को कुछ राहत मिल सकी।

राठहवेली के जूहेब ने बताया कि उनकी 14 मार्च की बुकिंग है, लेकिन अब तक सिलिंडर नहीं मिला। उन्होंने बताया कि एजेंसी के मोबाइल नंबर पर 50 से अधिक बार कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। एजेंसी के मैनेजर अनिल ने बताया कि दो गाड़ियां प्लांट पर गई हैं, गाड़ी आते ही आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।

इनसेट-

राष्ट्रपति के दौरे के चलते दो दिन बंद रहेगी साकेत गैस एजेंसी

अयोध्याधाम स्थित साकेत गैस सर्विस पर नोटिस जारी कर 18 और 19 मार्च को कार्यालय बंद रखने की जानकारी दी गई है। नोटिस में बताया गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा एवं प्रशासनिक कारणों से यह निर्णय लिया गया है।

इस अवधि में एजेंसी से संबंधित कोई सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी। हालांकि जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग 15 मार्च तक की है और जिन्हें डीएसी मैसेज प्राप्त हो चुका है, वह गोदाम से सिलिंडर प्राप्त कर सकेंगे। एजेंसी 20 मार्च से फिर से सामान्य रूप से कार्य शुरू करेगी।

इनसेट- जिला आपूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि बुधवार को 9900 गैस सिलिंडर आए हैं। आपूर्ति को सामान्य करने के लिए प्रयास किया जा रहा हैं। जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें