सोहावल के अरकुना में जनसभा को संबोधित करतीं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल।
- फोटो : संवाद
अयोध्या। अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लड़खड़ाती और चरमराती अर्थव्यवस्था को 10 वर्ष में दुनिया की टॉप-5 में पहुंचा दिया। अब तीसरी बार मोदी सरकार बनने के बाद इसे दुनिया में तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनाना है। इससे जीवन बेहतर होगा। जिन युवाओं के पास हुनर है, उनके भविष्य को सुधारने व सजाने का काम किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री शुक्रवार को सोहावल क्षेत्र के अरकुना में जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव थोड़ा भिन्न है। 70 साल तक देश में दूसरे दलों का शासन रहा। पांच दशक से ज्यादा तो कांग्रेस का शासन रहा, लेकिन इन्हें गरीब जनता की मूलभूत सुविधाओं को पूरा करने की सुधि कभी नहीं आई। वर्ष 2014 के बाद 10 सालों में मोदी सरकार ने समाज के गरीब, वंचितों और दबे-कुचले वर्ग को प्राथमिकता दी। जिस जनता ने हमें सेवा का अवसर दिया, योजनाओं के रूप में उन सबकी सेवा की गई।
अपना दल अध्यक्ष ने कहा कि देश के चार करोड़ गरीबों को पक्के मकान, 10 करोड़ उज्जवला कनेक्शन और 13 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया गया। किसानों के अनाज को सड़ने नहीं दिया गया। उसे गरीबों के घरों में पहुंचाया गया। गरीबों को पांच लाख का बीमा दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में आवास, शौचालय और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं मिलने से गरीब जनता के जीवन स्तर में कई तरह के सकारात्मक बदलाव आए हैं।