रुदौली/मवई। विधायक रामचंद्र यादव ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मवई का निरीक्षण किया। वायरल फीवर के बढ़ते मामलों के बीच निरीक्षण के दौरान तीन डॉक्टर अनुपस्थित मिले। अस्पताल परिसर में गंदगी देखकर विधायक ने नाराजगी जताई और नियमित सफाई के निर्देश दिए।
विधायक ने ओपीडी, प्रसव कक्ष, पैथोलॉजी लैब और दवा वितरण केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने बुखार से पीड़ित बच्चों और बुजुर्गों से इलाज की जानकारी ली। बढ़ते मामलों को देखते हुए विधायक ने सीएमओ से फोन पर बात कर गांव-गांव स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए। शिविरों में खून की जांच और आवश्यक दवाओं का वितरण कराने को कहा। सीएचसी अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि वह जिले की बैठक में शामिल होने गए थे। दो डॉक्टरों का डेढ़ माह पहले स्थानांतरण हो चुका है, लेकिन उनके स्थान पर अब तक नई तैनाती नहीं हुई है।