03 - जीआईसी में स्थापित निर्माणाधीन मिनी इनडोर स्टेडियम -संवाद
- फोटो : सांकेतिक
अयोध्या। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर में 4.92 करोड़ रुपये की लागत से मिनी इंडोर स्टेडियम आकार ले रहा है। निर्माण के तहत फाउंडेशन का काम पूरा हो चुका है। अब भवन के ढांचे का निर्माण शुरू होगा।
परियोजना में चार बैडमिंटन कोर्ट बनाए जाएंगे। इसके अलावा बास्केटबॉल कोर्ट और जिम्नास्टिक हॉल भी होगा। टेबल टेनिस और ताइक्वांडो के लिए जगह निर्धारित की गई है। वॉलीबॉल और हैंडबॉल के अभ्यास की सुविधा भी मिलेगी। इससे अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए अलग-अलग स्थान तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी। खिलाड़ियों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम, लॉकर, प्राथमिक उपचार कक्ष, पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था भी की जाएगी। भवन में आंतरिक विद्युतीकरण, प्लंबिंग, सेनेटरी और सीवरेज का काम भी कराया जाएगा।
स्टेडियम के साथ परिसर में आउटडोर खेल सुविधाएं विकसित करने की भी योजना है। क्रिकेट, फुटबॉल और हॉकी के लिए मैदान तैयार किए जाने हैं। इससे जीआईसी के विद्यार्थियों के साथ आसपास के खिलाड़ियों को भी अभ्यास के लिए स्थान मिल सकेगा। परियोजना के लिए शासन से पहली किस्त जारी की जा चुकी है। निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस को दी गई है। जीआईसी के प्रधानाचार्य ओंकार पाल ने बताया कि 9.92 करोड़ रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य हो रहा है। अगले वर्ष तक इसके बनकर तैयार होने की उम्मीद है।