मिल्कीपुर । कुमारगंज थाना क्षेत्र के सराय हेमराज गांव स्थित बैंक ऑफ़ बड़ौदा के मिनी बैंक संचालक ने बैंक खाता धारक महिला से किसान सम्मान निधि का फॉर्म भरवाए जाने के नाम पर उसके खाते से 90 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया।
विमला देवी पत्नी स्वर्गीय बैजनाथ ने मिनी बैंक संचालक राकेश कुमार यादव निवासी धनैचा मेल्थुवा के यहां बचत खाता खुलवाया था। पीड़ित महिला ने कुमारगंज पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मिनी बैंक संचालक राकेश कुमार ने उसे बीते जुलाई 2023 में अपने फ्रेंचाइजी सेंटर पर आधार कार्ड लेकर बुलाया था और किसान सम्मान निधि का फार्म भराए जाने की बात कही थी। फॉर्म भरे जाने के नाम पर उसने डिवाइस मशीन पर महिला का चार बार अंगूठा लगवा लिया। बीते छह जुलाई को आवश्यकता पड़ने पर महिला दूसरे फ्रैंचाइजी से पैसा निकालने गईं। तब उसे पता चला कि उसके खाते में मात्र 125 रुपये हैं। इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक रतन सिंह ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।