पूरा बाजार। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें सरकारी विद्यालय के बच्चों को मिड डे मील पत्तल में खाते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो शिक्षा क्षेत्र पूरा बाजार के कुशमाहा कंपोजिट विद्यालय का है। मामले के तूल पकड़ते ही प्रशासन हरकत में आ गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष राय ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी प्राप्त होते ही बीईओ, पूरा बाजार को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में बर्तनों की व्यवस्था कर दी गई है। यदि वीडियो में दिखाया गया तथ्य सही पाया गया तो संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इस मामले में कुशमाहा विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका आरती सिंह का कहना है कि वीडियो में दिख रहे बच्चे हमारे विद्यालय के नहीं हैं। कोई विद्यालय को बदनाम करने का काम कर रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी पूरा रियाजुद्दीन से संपर्क करने पर बताया गया कि वे मीटिंग में हैं और फिलहाल बात नहीं कर सकते। वायरल वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है।