मिल्कीपुर। एससीईआरटी तेलंगाना के निदेशक जी रमेश के नेतृत्व में 18 सदस्यीय टीम बीएसए संतोष राय के साथ ब्लॉक संसाधन केंद्र का निरीक्षण किया। खंड शिक्षा अधिकारी अजय त्रिपाठी ने ब्लॉक संसाधन केंद्र के अकादमिक और प्रशासनिक कार्य व दायित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रशासनिक बिंदुओं में सभी शिक्षकों का अभिलेख पूरी तरह से डिजिटल कर दिया गया है।
बीईओ ने बताया कि सभी शिक्षक अपनी छुट्टियां ऑनलाइन अप्लाई करते हैं और ऑनलाइन ही स्वीकृति प्रदान कर दी जाती है। अकादमिक पक्ष में बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विभिन्न प्रकार की बेस्ट प्रैक्टिसेज, संदर्शिका आधारित शिक्षण कार्य करने के लिए ब्लॉक संसाधन केंद्र पर विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित होते हैं।
बीएसए ने बताया कि उत्तर प्रदेश की एससीईआरटी की ओर से सबसे पहले जनपद स्तरीय मास्टर ट्रेनर जिनमें प्रमुख रूप से एसआरजी को प्रशिक्षित किया जाता है। इसके बाद एसआरजी जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान में सभी ब्लॉक के एआरपी यानी एकेडमिक रिसोर्स पर्सन को प्रशिक्षित करते हैं। तेलंगाना की टीम ने कंपोजिट विद्यालय, इनायत नगर के बच्चों से बातचीत की और उनके ज्ञान को परखते हुए शिक्षकों की सराहना की।
इसके बाद टीम कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सोहावल पहुंची। यहां आवासीय व्यवस्था, उनके पठन-पाठन, स्मार्ट क्लास से शिक्षा प्रदान करने के बारे में पूरी व्यवस्था को देखा। इस दौरान डॉ. अंबिकेश त्रिपाठी, मनीष रस्तोगी, अमित मिश्र, खंड शिक्षा अधिकारी मसौधा शैलेंद्र कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी सोहावल रविता राव व जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) भास्कर सिंह के समेत शिक्षक व वार्डेन मौजूद रहे।