मेडिकल कॉलेज में टर्मिनल एग्जाम में शामिल एमबीबीएस के विद्यार्थी।
अयोध्या। जिले में रविवार को हुई राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के दौरान मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस विद्यार्थियों की भी निगरानी की गई। उनकी सॉल्वर के रूप में संलिप्तता रोकने के लिए उनके टर्मिनल एग्जाम कराए गए। इस दौरान वह पूरे समय सीसीटीवी के पहरे में रहे।
जिले के 13 केंद्रों पर रविवार की दोपहर दो बजे से नीट यूजी की प्रवेश परीक्षा आयोजित थी। इसे लेकर राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में भी हलचल तेज रही। यहां मौजूद एमबीबीएस के सभी 500 विद्यार्थियों पर भी अप्रत्यक्ष रूप से पहरा रहा। उन्हें अलग-अलग तरीके से तीसरी आंख की नजर में रखा गया। गंजा स्थित परिसर और दर्शननगर स्थित चिकित्सालय परिसर में अलग-अलग बैच के विद्यार्थियों की टर्मिनल परीक्षा कराई गई। इस दौरान विभागवार संकाय सदस्यों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। प्रवेश परीक्षा समाप्त होने के बाद उनकी भी परीक्षा समाप्त हुई।
प्राचार्य डॉ. दिनेश सिंह मर्तोलिया ने बताया कि नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) के निर्देशानुसार नीट परीक्षा के दौरान सभी मेडिकोज की निगरानी की जाती है। इससे कोई भी व्यक्ति उनका सॉल्वर के रूप में उपयोग नहीं करा पाता है। इसी मंशा से रविवार को टर्मिनल परीक्षा आयोजित की गई थी। सभी पांच बैच के विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई है। उन्हें सीसीटीवी युक्त कक्षों में बैठाया गया था। इसकी सूचना भी एनएमसी को भेजी जाएगी।