अयोध्या। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हो रहे महिला अपराधों पर वहां की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मौन साधे हुए हैं। वह सिर्फ सत्ता हासिल करने के लिए राजनीति करती हैं। ममता के राज में विरोधियों को टारगेट करके प्रताड़ित किया जा रहा है।
वह शनिवार को अयोध्या हाईवे पर स्थित एक होटल में आयोजित वन करोड़ सेल्फी विद लाभार्थी अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रदेश की 18 महिलाओं के सम्मान समारोह में बोल रही थीं। बलरामपुर में धर्मांतरण के प्रकरण पर उन्होंने कहा कि लड़कों के हिंदू नाम रखकर सुनियोजित तरीके से हिंदू महिलाओं को टारगेट किया गया है। योगी सरकार मामले में पूरी तरह से सजग है।
बताया कि लाभार्थियों से संपर्क व संवाद स्थापित करने के लिए चलाए गए अभियान के तहत महिलाओं ने गांव-गांव संपर्क किया। लाभार्थियों के साथ सेल्फी ली और उनके अनुभव सुने। अभियान के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की अन्य योजनाओं के बारे में लोगों से जानकारियां साझा की गईं।
महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री रश्मि रावल ने कहा कि इस अभियान ने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर आम जन से जोड़ने का अवसर दिया है। महिलाओं ने जिस समर्पण और ऊर्जा के साथ इस अभियान में सहभागिता की, वह सराहनीय है। अभियान की संयोजक व महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री डाॅ. ममता पांडेय ने बताया कि संवाद व संपर्क के इस अभियान में उत्तर प्रदेश देश में अव्वल रहा। पांच हजार से अधिक परिवारों से संपर्क कर सेल्फी लेने वाली प्रदेश की 18 महिलाओं को सम्मानित किया गया है। इस दौरान महानगर अध्यक्ष आशा गौड़ व प्रतिमा शुक्ला सहित महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहीं।