अयोध्या। निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर में पर्याप्त बैलेंस रखना होगा। किन्हीं कारणों से बिजली कटने पर रिचार्ज के दो घंटे के भीतर आपूर्ति बहाल हो जाएगी। ये बातें बृहस्पतिवार को बिजली निगम के मुख्य अभियंता बृजेश कुमार ने कार्यालय में हुई पत्रकार वार्ता में कहीं।
उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर रीयल टाइम में भुगतान और खपत का विवरण उपलब्ध कराता है। यह प्रीपेड मोड में मोबाइल फोन की तरह कार्य करता है। इससे एक एप के जरिये दैनिक व हर घंटे बिजली खपत की निगरानी की जा सकती है। निर्धारित दर पर 2% की छूट का प्रावधान है। कम बैलेंस, समाप्त बैलेंस, भुगतान व अन्य जानकारी के लिए एसएमएस के जरिये उपभोक्ता अपडेट रहते हैं। बैलेंस जमा होने के दो घंटे में भी आपूर्ति बहाल न हो तो 1912 पर कॉल करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि अयोध्या जोन के लगभग 20 लाख के सापेक्ष 3.25 लाख उपभोक्ताओं के मीटर स्मार्ट किए जा चुके हैं। इनमें अयोध्या जिले के लगभग 1.02 लाख मीटर शामिल हैं। उपभोक्ताओं से अपील है कि मीटर लगाने वाले को अपना सही विवरण दें। अपना सही मोबाइल नंबर रजिस्टर करने के लिए ओटीपी साझा करें। नया कनेक्शन लेने वालों को ही शुल्क देय है। पुराना मीटर बदलकर स्मार्ट मीटर लगाने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है।
मीटर में तकनीकी खराबी आने पर उसे बदलने के लिए भी कोई शुल्क नहीं देना है। मीटर लगाने वाले का वैध आईडी कार्ड चेक करें। सीलिंग प्रमाणपत्र की जांच करें। नए और पुराने मीटरों के सीरियल नंबर समान होना चाहिए। नए मीटर पर सील चेक करें। मीटर लगाने के बाद यूपीपीसीएल स्मार्ट एप डाउनलोड करें। पत्रकार वार्ता में अधीक्षण अभियंता विनय कुमार व वर्टिकल व्यवस्था के अधिशासी अभियंता मौजूद रहे।
इन स्थितियों में नहीं कटेगी बिजली
मुख्य अभियंता ने बताया कि स्मार्ट मीटर को प्री-पेड में परिवर्तित होने के पहले 30 दिन तक बिजली नहीं काटी जाएगी। बैलेंस समाप्त होने के बाद तीन दिन तक अतिरिक्त समय दिया जाएगा। सभी रविवार, दूसरे शनिवार और राजपत्रित अवकाश के अलावा शाम छह बजे से सुबह आठ बजे के बीच (हैप्पी ऑवर्स) के बीच में बिजली नहीं काटी जाएगी। आसान तरीकों से घर बैठे ही स्मार्ट मीटर रिचार्ज किया जा सकता है।