अयोध्या। क्रीड़ा भारती की ओर से अवध इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित खेल महोत्सव का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। क्रीड़ा भारती अयोध्या महानगर अध्यक्ष शांतनु सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के अंतर्गत बास्केटबॉल, खो-खो, कबड्डी एवं वालीबॉल खेलों का आयोजन हुआ। बास्केटबॉल के फाइनल मुकाबले में महाराजा इंटर कॉलेज ने आर्मी पब्लिक स्कूल को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
खो-खो में अवध इंटरनेशनल स्कूल ने आशापुर क्लब दर्शननगर को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। कबड्डी प्रतियोगिता में आनंद अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अवध इंटरनेशनल स्कूल को 34-27 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, वालीबॉल के फाइनल मुकाबले में अवध क्लब अयोध्या ने अवध विश्वविद्यालय अयोध्या को कड़े मुकाबले में 2-1 से मात दी। इससे पहले खेल महोत्सव का उद्घाटन श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा, विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज, महानगर प्रचारक सुदीप, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रोहित सिंह ने किया। प्रतियोगिता के निर्णायकों में राजेंद्र सिंह, विजय सिंह, बृजेश मिश्रा, आकाश व रोहित ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान क्रीड़ा भारती प्रांतीय टोली के सदस्य अवधेश वर्मा, संतोष सिंह आदि मौजूद रहे।